Metformin Tablet क्या है? PCOS में उपयोग, डोज़, फायदे और साइड इफेक्ट्स

Last updated: October 23, 2026

सारांश (Overview)

PCOS में सबसे ज्यादा लिखी जाने वाली दवा मेटफॉर्मिन (metformin) है, और पेशेंट्स के सबसे ज़्यादा सवाल भी इसी को लेकर होते हैं। जैसे यह दवा शुगर की है, फिर पीरियड्स के लिए क्यों दी गई। कितने दिन खानी है। पेट खराब हो रहा है तो छोड़ दें या नहीं। प्रेगनेंसी हो गई तो जारी रखें या बंद करें।

PCOS वाली हर महिला को यह दवा नहीं दी जाती, और यह अकेली दवा आपको प्रेगनेंसी के लिए बहुत जल्दी रेडी नहीं करती है। इसका किसे इससे फायदा होता है, यह BMI, शुगर की रिपोर्ट और आपको क्या सही करना है, इस पर निर्भर करता है।

नीचे metformin tablet के यूज़ से जुड़ी हर व्यावहारिक बात है, दवा काम कैसे करती है से लेकर डोज़ कैसे बढ़ाई जाती है, कौन से साइड इफेक्ट सामान्य हैं और किन हालात में यह दवा नहीं दी जाती।

मेटफॉर्मिन किस तरह की दवा है?

मेटफॉर्मिन एक ऐसी दवा है जो शरीर में इंसुलिन के बेहतर तरीके से काम करने में मदद करती है और खून में शुगर का लेवल कंट्रोल करने में मदद करती है। यह हॉर्मोन की दवा नहीं है।

PCOS में इसका फायदा खासकर तब होता है जब इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या हो। इंसुलिन का असर बेहतर होने पर इंसुलिन का लेवल कम हो सकता है, जिससे PCOS से जुड़ी कुछ दूसरी समस्याओं में भी सुधार आ सकता है।

मेटफॉर्मिन की आदत नहीं पड़ती और इसे लेने से शरीर इस दवा पर निर्भर नहीं हो जाता। हालांकि, इसे कब और कितनी मात्रा में लेना है, यह डॉक्टर आपकी स्थिति के हिसाब से तय करते हैं।

मेटफॉर्मिन किन कंडीशन में दी जाती है?

इसका इस्तेमाल सिर्फ़ डायबिटीज तक सीमित नहीं है। जिन कंडीशन में यह लिखी जाती है, उनमें एक बात कॉमन रहती है, और वह है इंसुलिन का ठीक से काम न करना।

 

कंडीशन

दवा क्यों दी जाती है

टाइप 2 डायबिटीज

पहली पसंद की दवा, खून की शुगर को काबू में रखने के लिए

PCOS के साथ इंसुलिन रेजिस्टेंस

इंसुलिन का असर सुधारकर हॉर्मोन का संतुलन बेहतर करने के लिए

प्री-डायबिटीज

शुगर बढ़कर डायबिटीज बनने की रफ़्तार धीमी करने के लिए

PCOS में वजन और मेटाबॉलिक दिक्कतें

जब BMI 25 से ज़्यादा हो, तब शुगर और लिपिड प्रोफाइल सुधारने के लिए

IVF साइकिल के दौरान

OHSS का खतरा कम करने के लिए, कुछ प्रोटोकॉल में सहायक दवा के रूप में

PCOS में मेटफॉर्मिन काम कैसे करती है?

PCOS में इंसुलिन रेजिस्टेंस की वजह से शरीर को ज्यादा इंसुलिन बनाना पड़ता है। बढ़ा हुआ इंसुलिन ओवरी में टेस्टोस्टेरोन का लेवल बढ़ा सकता है और फॉलिकल के मैच्योर होने की प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकता है।

मेटफॉर्मिन सबसे पहले इंसुलिन रेजिस्टेंस को सुधारने का काम करती है। यह शरीर को इंसुलिन का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करती है, इसलिए शरीर को ज्यादा इंसुलिन बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। 

इंसुलिन का लेवल कम होने पर ओवरी पर उसका अतिरिक्त असर भी कम हो सकता है। इससे टेस्टोस्टेरोन का लेवल कम होने और फॉलिकल के मैच्योर होने में मदद मिल सकती है। इसी वजह से कुछ महिलाओं में पीरियड्स और ओव्यूलेशन भी पहले से बेहतर हो सकते हैं।

इसी वजह से मेटफॉर्मिन का असर एक दो दिन में नहीं दिखता। इंसुलिन के लेवल और उससे जुड़े बदलावों को सुधारने में समय लगता है। पीरियड्स और ओव्यूलेशन में सुधार कब दिखेगा, यह हर महिला में अलग हो सकता है। यह PCOS, इंसुलिन रेजिस्टेंस और दूसरी चीज़ों पर भी निर्भर करता है।

Metformin in PCOS

PCOS में इससे क्या फायदे मिलते हैं?

इंसुलिन और ब्लड शुगर में सुधार 

मेटफॉर्मिन शरीर को इंसुलिन का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद करती है। इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस और ब्लड शुगर में सुधार हो सकता है। कुछ महिलाओं में कोलेस्ट्रॉल और दूसरे लिपिड लेवल पर भी फायदा देखा जाता है।

पीरियड्स ज्यादा नियमित हो सकते हैं

इंसुलिन रेजिस्टेंस और बढ़े हुए टेस्टोस्टेरोन में सुधार होने पर कुछ महिलाओं में ओव्यूलेशन और पीरियड्स का चक्र भी पहले से बेहतर हो सकता है।

टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को कम करने में मदद

PCOS में टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा रहता है। इंसुलिन रेजिस्टेंस को सुधारना इस जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है, खासकर उन महिलाओं में जिनमें मेटाबॉलिक समस्या ज्यादा है।

प्रेगनेंसी की कोशिश में मदद मिल सकती है

जिन महिलाओं में PCOS की वजह से ओव्यूलेशन नहीं हो रहा है, उनमें मेटफॉर्मिन ओव्यूलेशन में मदद कर सकती है। लेकिन सिर्फ प्रेगनेंसी के लिए यह हर महिला में पहली पसंद की दवा नहीं होती। जरूरत के हिसाब से दूसरी दवाएं ज्यादा असरदार हो सकती हैं।

IVF में कुछ महिलाओं के लिए उपयोगी

PCOS वाली महिलाओं में ओवरी के जरूरत से ज्यादा उत्तेजित होने यानी OHSS का खतरा ज्यादा रहता है। कुछ IVF प्रोटोकॉल में मेटफॉर्मिन इस खतरे को कम करने में मदद कर सकती है, लेकिन इसे हर महिला को देना जरूरी नहीं होता।

मुंहासे और चेहरे के बालों पर असर सीमित होता है

टेस्टोस्टेरोन में सुधार होने पर कुछ महिलाओं को फायदा मिल सकता है, लेकिन मुंहासे या चेहरे के अनचाहे बालों के लिए अकेली मेटफॉर्मिन का असर सीमित रहता है और इसमें कई महीने लग सकते हैं।

मेटफॉर्मिन का फायदा खासकर इंसुलिन रेजिस्टेंस और मेटाबॉलिक समस्या वाली महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलता है। इसलिए दवा की जरूरत और उससे मिलने वाला फायदा BMI, ब्लड शुगर, इंसुलिन रेजिस्टेंस और दूसरे लक्षणों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।

डोज़ कितनी होती है और कैसे बढ़ाई जाती है?

मेटफॉर्मिन की डोज़ एकदम से बढ़ाने के बजाय धीरे धीरे बढ़ाई जाती है, क्योंकि शुरुआत में दवा से पेट में मितली, गैस या दस्त जैसी परेशानी हो सकती है। कम डोज़ से शुरू करने और धीरे धीरे बढ़ाने से शरीर को दवा के साथ एडजस्ट होने का समय मिलता है। 

 

चरण

सामान्य डोज़

कब लेनी है

पहला हफ्ता

500 mg दिन में एक बार

रात के खाने के साथ

दूसरा हफ्ता

500 mg दिन में दो बार

नाश्ते और रात के खाने के साथ

तीसरा हफ्ता के बाद

1000 से 2000 mg प्रतिदिन

डॉक्टर की सलाह पर बांटकर

अधिकतम सीमा

बड़ों में 2500 mg, किशोरियों में 2000 mg प्रतिदिन

इससे ऊपर नहीं दी जाती

मेटफॉर्मिन के साइड इफेक्ट्स कौन से हैं और उनसे कैसे बचें?

मेटफॉर्मिन के साइड इफेक्ट्स में पेट से जुड़ी दिक्कतें सबसे कॉमन हैं। खासकर दवा शुरू करने या डोज़ बढ़ाने पर मितली, दस्त, उल्टी या पेट में मरोड़ हो सकती है। आमतौर पर डोज़ धीरे धीरे बढ़ाने और दवा खाने के साथ लेने पर इन दिक्कतों को कम किया जा सकता है। 

 

साइड इफेक्ट

कितना आम

क्या करें

दस्त, मितली, उल्टी, पेट में मरोड़

बहुत आम, शुरू के दो से चार हफ्तों में

खाने के साथ लें, डोज़ धीरे बढ़ाएं, SR टैबलेट पर स्विच के बारे में पूछें

मुंह में धातु जैसा स्वाद

आम

अपने आप ठीक हो जाता है, दवा बंद करने की ज़रूरत नहीं

भूख कम लगना

आम

खाना छोटे हिस्सों में बांट लें

विटामिन B12 की कमी

लंबे इस्तेमाल में

साल में एक बार लेवल जांचें, ज़रूरत पड़े तो सप्लीमेंट लें

लैक्टिक एसिडोसिस

बहुत दुर्लभ, करीब 30 हज़ार में एक

तेज़ थकान, सांस फूलना या मांसपेशियों में असामान्य दर्द हो तो तुरंत डॉक्टर से मिलें

कौन सी सावधानियां बरतें?

  • किडनी की जांच मेटफॉर्मिन शुरू करने से पहले और समय समय पर करानी चाहिए। 
  • अगर ऐसा स्कैन होना है जिसमें डाई या कॉन्ट्रास्ट दिया जाना है, तो डॉक्टर को पहले ही मेटफॉर्मिन के बारे में बताएं। 
  • शराब से बचें, क्योंकि ज्यादा शराब पीने से मेटफॉर्मिन से जुड़ा सीरियस रिस्क बढ़ सकता है।
  • तेज़ उल्टी, दस्त या बुखार की वजह से शरीर में पानी की कमी हो रही हो, तो मेटफॉर्मिन जारी रखने से पहले डॉक्टर से पूछें।
  • कोई सर्जरी या बड़ा डेंटल प्रोसीजर होने वाला हो, तो डॉक्टर को पहले से बताएं। 
  • अपनी बाकी दवाओं की जानकारी भी डॉक्टर को दें। 
  • और सबसे जरूरी, PCOS में मेटफॉर्मिन लाइफस्टाइल की जगह नहीं लेती। खाने में सुधार, रोज़ एक्सरसाइज और अच्छी नींद के साथ इसका फायदा ज्यादा मिल सकता है।

प्रेगनेंसी हो जाए तो दवा जारी रखें या बंद करें?

प्रेगनेंसी कन्फर्म होने के बाद मेटफॉर्मिन जारी रखनी है या नहीं, यह हर महिला की स्थिति पर निर्भर करता है। इसलिए इसका फैसला डॉक्टर ही करते हैं।

कुछ महिलाओं में प्रेगनेंसी के दौरान मेटफॉर्मिन जारी रखने से प्रीटर्म बर्थ का रिस्क कम देखा गया है। साथ ही, जरूरत से ज्यादा वजन बढ़ने की संभावना भी कम हो सकती है। लेकिन हर महिला को प्रेगनेंसी में यह दवा जारी रखने की जरूरत नहीं होती।

इसलिए प्रेगनेंसी कन्फर्म होते ही अपनी डॉक्टर को बता दें। वह आपकी कंडीशन देखकर बताएंगी कि मेटफॉर्मिन आगे लेनी है या नहीं। खुद से दवा बंद न करें।

Metformin

क्या PCOS में हर महिला को मेटफॉर्मिन चाहिए?

मेटफॉर्मिन इस बात को ध्यान में रख कर दी जाती कि PCOS को सही करने के पीछे आपका लक्ष्य क्या है, इसीलिए PCOS की समस्या झेल रही सभी महिलाओं को इसे लेने की सलाह नहीं दी जाती ।

 

आपका मुख्य लक्ष्य

पहली पसंद क्या रहती है

शुगर, वजन और इंसुलिन रेजिस्टेंस सुधारना

मेटफॉर्मिन, खासकर जब BMI 25 से ज़्यादा हो

अनियमित पीरियड्स और चेहरे के बाल, अभी प्रेगनेंसी की प्लानिंग नहीं

गर्भनिरोधक गोलियां, इस काम में वे मेटफॉर्मिन से बेहतर मानी जाती हैं

प्रेगनेंसी की कोशिश कर रही हैं, लेकिन एग नहीं बन रहा

पहले ओव्यूलेशन की दवाएं दी जाती हैं, मेटफॉर्मिन अकेली काम नहीं करती

क्लोमीफीन से ओव्यूलेशन नहीं हो रहा

क्लोमीफीन के साथ मेटफॉर्मिन जोड़ने से रिजल्ट अच्छे मिलते हैं

इनोसिटोल सप्लीमेंट लेना है या मेटफॉर्मिन

चेहरे के बाल और पेट की चर्बी के लिए मेटफॉर्मिन को प्राथमिकता दी जाती है

याद रखने वाली मुख्य बातें (Key takeaways)

  • मेटफॉर्मिन डायबिटीज की दवा है, पर PCOS में इसे इंसुलिन का असर सुधारने के लिए दिया जाता है, शुगर कम करने के लिए नहीं।
  • डोज़ हमेशा 500 mg से शुरू होती है और हर हफ्ते धीरे धीरे बढ़ती है। सीधे पूरी डोज़ शुरू करना ही पेट खराब होने की सबसे बड़ी वजह है।
  • पेट की दिक्कतें दो से चार हफ्तों में शांत हो जाती हैं, और पीरियड्स में सुधार तीन से छह महीने में दिखता है।
  • लंबे इस्तेमाल में विटामिन B12 का लेवल साल में एक बार जांचते रहें।
  • हर PCOS वाली महिला को यह दवा नहीं चाहिए। BMI, शुगर की रिपोर्ट और प्रेगनेंसी की योजना मिलकर यह फैसला तय करती हैं।

निष्कर्ष (Conclusion)

अगर आपको PCOS में मेटफॉर्मिन दी गई है, तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि डॉक्टर ने यह दवा आपको किस वजह से दी है। यह हर महिला में एक ही तरह से काम नहीं करती और इसका असर भी तुरंत नहीं दिखता।

शुरुआत में पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन कुछ समय बाद शरीर दवा के साथ एडजस्ट हो जाता है। दवा की डोज़ खुद से न बढ़ाएं और न ही बिना डॉक्टर की सलाह के बंद करें।

अगर आप प्रेगनेंसी की कोशिश कर रही हैं या आपकी परेशानी सिर्फ़ पीरियड्स, मुहांसे या चेहरे के बालों से जुड़ी है, तो डॉक्टर से पूछें कि आपके लिए मेटफॉर्मिन सही विकल्प है या कोई दूसरा इलाज बेहतर रहेगा।

Metformin tablet uses से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

पीसीओएस में मेटफॉर्मिन के क्या फायदे हैं?

मेटफॉर्मिन की डोज़ कब लेनी चाहिए?

मेटफॉर्मिन गोली के क्या दुष्प्रभाव हैं

क्या पीसीओएस से मधुमेह होता है?

मेटफॉर्मिन कितने दिन में असर दिखाती है?

क्या मेटफॉर्मिन से वजन कम होता है?

खाली पेट मेटफॉर्मिन ले सकते हैं?

मेटफॉर्मिन कब तक लेनी पड़ती है?

मेटफॉर्मिन बंद करने पर क्या होता है?

क्या मेटफॉर्मिन लेते हुए प्रेगनेंसी हो सकती है?

प्रेगनेंसी में मेटफॉर्मिन जारी रखना सही है?

मेटफॉर्मिन और इनोसिटोल में क्या बेहतर है?

SR या XR टैबलेट सामान्य टैबलेट से बेहतर है क्या?

क्या मेटफॉर्मिन से शुगर बहुत नीचे गिर सकती है?

मेटफॉर्मिन लेते समय शराब पी सकते हैं?

क्या मेटफॉर्मिन से चेहरे के बाल और मुहांसे ठीक होते हैं?

© 2026 Indira IVF Hospital Limited. All Rights Reserved. T&C Apply | Privacy Policy| *Disclaimer