Mild IVF क्या है? कम दवाओं वाले IVF के फायदे और सीमाएं

Last updated: September 24, 2026

सारांश (Overview)

Mild IVF यानी माइल्ड आईवीएफ में फॉलिकल बढ़ाने वाली दवाओं की डोज कम रखी जाती है। लेकिन IVF के बाकी स्टेप कन्वेंशनल IVF जितने ही होते हैं। एग रिट्रीवल, फर्टिलाइजेशन और एम्ब्रीओ ट्रांसफर का प्रोसेस लगभग वही रहता है, मुख्य रूप से अंतर दवा की मात्रा और उससे मिलने वाले एग की संख्या का होता है।

कम दवा लेने से OHSS का रिस्क कम हो सकता है और इंजेक्शन व दवा का खर्च भी कम हो सकता है। लेकिन कुछ महिलाओं में साइकिल बीच में रुकने का रिस्क बढ़ सकता है। इसलिए माइल्ड IVF हर महिला के लिए एक जैसा विकल्प नहीं होता।

माइल्ड आईवीएफ क्या है और यह कैसे काम करता है?

माइल्ड आईवीएफ में ओवरी को फॉलिकल बढ़ाने के लिए दवाएं तो दी जाती हैं, लेकिन उनकी डोज कन्वेंशनल IVF की तुलना में कम रखी जाती है। क्योंकि, माइल्ड IVF में ज्यादा से ज्यादा एग न निकालकर, जरूरत के हिसाब से एग निकाले जाते हैं।

जनरली गोनाडोट्रॉपिन की रोज की डोज 150 IU या उससे कम रखी जाती है। कुछ प्रोटोकॉल में इंजेक्शन की डोज कम रखने के लिए क्लोमिफीन या लेट्रोजोल जैसी टेबलेट्स भी दी जाती हैं।

कम दवा में माइल्ड IVF कैसे काम करता है?

कम डोज से भी ओवरी में एक से ज्यादा फॉलिकल बढ़ते हैं, बस उतने नहीं जितने ज्यादा डोज से बढ़ते हैं। स्कैन से उनकी ग्रोथ देखी जाती है और सही स्टेज पर एग रिट्रीवल होता है।

यानी माइल्ड IVF में IVF के स्टेप कम नहीं होते, सिर्फ ओवरी को स्टिमुलेट करने वाली दवा कम होती है।

Mild IVF की प्रक्रिया क्या है?

माइल्ड IVF की प्रक्रिया कन्वेंशनल IVF जैसी ही होती है: बेसलाइन जांच, कम डोज में स्टिमुलेशन, स्कैन से निगरानी, ट्रिगर, एग रिट्रीवल, फर्टिलाइजेशन और एम्ब्रीओ ट्रांसफर। मुख्य अंतर दवा की डोज का है, और कई बार दवा का कोर्स भी छोटा रहता है।

बेसलाइन जांच

पीरियड शुरू होने के दूसरे या तीसरे दिन अल्ट्रासाउंड किया जाता है। जरूरत के अनुसार हार्मोन टेस्ट भी किए जा सकते हैं। इससे डॉक्टर को ओवरी की शुरुआती स्थिति और फॉलिकल की संख्या का अंदाजा मिलता है।

कम डोज में स्टिमुलेशन

इसके बाद कम डोज में गोनाडोट्रॉपिन दी जाती है, ताकि एक से ज्यादा फॉलिकल बढ़ सकें, और कुछ प्रोटोकॉल में साथ में गोलियां भी।

स्कैन और दवाओं में बदलाव

स्टिमुलेशन के दौरान अल्ट्रासाउंड से फॉलिकल की ग्रोथ देखी जाती है। जरूरत के अनुसार दवा की डोज बदली जा सकती है। एक समय से पहले रिलीज न हो, इसके लिए GnRH एंटागोनिस्ट भी दिया जा सकता है।

ट्रिगर और एग रिट्रीवल

जब फॉलिकल सही स्टेज पर पहुंचते हैं, तो एग को आखिरी बार मैच्योर करने के लिए ट्रिगर दिया जाता है। इसके बाद तय समय पर एग रिट्रीवल किया जाता है।

फर्टिलाइजेशन और एम्ब्रीओ ट्रांसफर

मिले हुए एग को लैब में स्पर्म के साथ फर्टिलाइज किया जाता है। इसके बाद बने एम्ब्रीओ को यूट्रस में ट्रांसफर किया जा सकता है या आगे के लिए फ्रीज किया जा सकता है।

Mild IVF और Conventional IVF में क्या अंतर है?

दोनों में IVF के मुख्य स्टेप लगभग एक जैसे होते हैं, अंतर डोज (dose) और कितने एग चाहिए का है। माइल्ड IVF में रोज की डोज 150 IU या कम रहती है। ESHRE की 2025 गाइडलाइन के अनुसार कन्वेंशनल IVF में यह करीब 150 से 225 IU होती है

 

 

माइल्ड IVF

कन्वेंशनल IVF

रोज की डोज

150 IU या कम

150 से 225 IU के बराबर

गोलियों का इस्तेमाल

अक्सर, इंजेक्शन घटाने के लिए

आमतौर पर नहीं

कितने एग चाहिए

कम, पर काम लायक

ज्यादा से ज्यादा

दवा का कोर्स

आमतौर पर छोटा

आमतौर पर लंबा

दवा का खर्च

कम

ज्यादा

 

माइल्ड IVF को नेचुरल साइकिल IVF भी नहीं समझना चाहिए। नेचुरल साइकिल में फॉलिकल बढ़ाने वाली दवा नहीं दी जाती और शरीर खुद जो एग तैयार करता है, उसी से IVF किया जाता है। माइल्ड IVF में दवा दी जाती है और उससे एक से ज्यादा फॉलिकल्स मैच्योर किए जाते हैं।

Mild IVF के फायदे

माइल्ड IVF का सबसे क्लियर फायदा OHSS यानी ओवेरियन हाइपरस्टिमुलेशन सिंड्रोम का रिस्क कम होना है। OHSS में ओवरी जरूरत से ज्यादा एक्टिव हो जाती है, पेट में पानी भरने लगता है और कुछ सीरियस केसेस में अस्पताल में भर्ती करने की नौबत आ सकती है।

Mild IVF की सीमाएं और संभावित नुकसान

माइल्ड IVF में दवाओं की डोज कम होने की वजह से कुछ महिलाओं में फॉलिकल और एग की संख्या कम रह सकती है। इससे IVF साइकिल कैंसिल हो सकती है। हालांकि, यह रिस्क हर महिला में एक जैसा नहीं होता।

  • साइकिल कैंसल हो सकती है: माइल्ड IVF में दवाओं की डोज कम होने से कभी-कभी पर्याप्त फॉलिकल नहीं बनते या एग कम मिलते हैं। ऐसी स्थिति में एम्ब्रियो ट्रांसफर तक पहुंचने से पहले साइकिल कैंसल करनी पड़ सकती है। रिसर्च में यह रिस्क उन महिलाओं में लगभग दोगुना मिला, जिनकी ओवरी सामान्य संख्या में फॉलिकल बनाती है। बाकी महिलाओं में ऐसा फर्क साबित नहीं हुआ।
  • एग कम मिल सकते हैं: पर यह फर्क हर महिला में एक जैसा नहीं होता। एक बड़े रिसर्च रिव्यू में, जिन महिलाओं में वैसे भी कम एग बनते हैं, उन्हें माइल्ड IVF से करीब 3 एग मिले और कन्वेंशनल IVF से करीब 4। जिनमें सामान्य संख्या में एग बनते हैं, उन्हें दोनों तरीकों से करीब 10 एग मिले।
  • एक साइकिल में ट्रांसफर तक न पहुंच पाना: अगर पर्याप्त एग नहीं मिलते या एम्ब्रीओ नहीं बनता, तो उस साइकिल में एम्ब्रीओ ट्रांसफर नहीं हो पाएगा और दोबारा कोशिश करनी पड़ सकती है।

किन महिलाओं के लिए Mild IVF पर विचार किया जा सकता है?

माइल्ड IVF उन महिलाओं के लिए एक ऑप्शन हो सकता है जिनमें IVF की दवाओं से बहुत ज्यादा फॉलिकल बनने का रिस्क होता है, या जिनमें ज्यादा डोज देने के बावजूद एग की संख्या बहुत बढ़ने की उम्मीद नहीं होती। अंतिम फैसला आपकी ओवरी की प्रतिक्रिया और पिछले IVF के अनुभव को देखकर किया जाता है।

  • अगर ओवरी दवाओं पर बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया करती है: कई फॉलिकल बनने से OHSS का रिस्क बढ़ सकता है। ऐसे में कम डोज देने से यह रिस्क कम किया जा सकता है।
  • अगर पहले IVF में दवाओं से बहुत ज्यादा फॉलिकल बन गए थे: अगली साइकिल में दवा की डोज कम रखने पर डॉक्टर विचार कर सकते हैं।
  • अगर ओवरी से कम एग मिलने की उम्मीद है: ज्यादा डोज देने से हर बार ज्यादा एग मिलें, यह जरूरी नहीं है। इसलिए कम डोज वाला प्रोटोकॉल भी एक विकल्प हो सकता है।
  • अगर आप कम दवाओं वाला IVF चाहती हैं: कम डोज का मतलब आमतौर पर कम दवा और कई मामलों में कम इंजेक्शन होता है। लेकिन इसके साथ एग कम मिलने या साइकिल कैंसल होने का रिस्क भी समझना जरूरी है।

ESHRE की 2025 गाइडलाइन के अनुसार, जिनकी ओवरी बहुत ज्यादा फॉलिकल्स बनाती है, उनके लिए कम डोज सही है। पर जिनकी ओवरी सामान्य संख्या में फॉलिकल बनाती है, उनके लिए गाइडलाइन सामान्य डोज को ही ठीक मानती है।

Mild IVF की सफलता दर किन कारकों पर निर्भर करती है?

माइल्ड IVF की सफलता आपकी उम्र, एग की संख्या और क्वालिटी, एम्ब्रीओ की क्वालिटी और ओवरी के रिस्पॉन्स पर निर्भर करती है। सिर्फ IVF में इस्तेमाल की गई दवा की डोज देखकर सफलता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

31 ट्रायल के एक बड़े रिव्यू में माइल्ड और कन्वेंशनल IVF की लाइव बर्थ दर में कोई साफ अंतर नहीं मिला। यह नतीजा हर तरह की महिलाओं में एक जैसा रहा, चाहे उनकी ओवरी कम, सामान्य या ज्यादा फॉलिकल बनाती हो। 2,037 महिलाओं वाली पांच स्टडीज में कई साइकिल जोड़कर भी देखा गया, और तब भी दोनों तरीकों में लाइव बर्थ बराबर रही।

सफलता किन बातों पर निर्भर करती है?

  • महिला की उम्र: उम्र बढ़ने के साथ एग की क्वालिटी पर असर पड़ सकता है।
  • कितने एग मिले: एक साइकिल में जितने एग मिलते हैं, उनमें से फर्टिलाइज होने और अच्छे एम्ब्रीओ बनने की संभावना भी उसी हिसाब से बदल सकती है।
  • एग की क्वालिटी: अच्छी क्वालिटी के एग से अच्छे एम्ब्रीओ बनने की संभावना ज्यादा रहती है।
  • एम्ब्रीओ की क्वालिटी: प्रेगनेंसी के लिए एम्ब्रीओ की ग्रोथ और क्वालिटी भी महत्वपूर्ण होती है।
  • दवाओं पर ओवरी का रिस्पॉन्स: दवाओं से कितने फॉलिकल बनते हैं, इससे पता चलता है कि साइकिल में कितने एग मिलने की उम्मीद है।

Mild IVF के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

माइल्ड IVF में दवाएं कम होती हैं, लेकिन मॉनिटरिंग उतनी ही जरूरी रहती है। सही समय पर स्कैन करवाना, दवाएं ठीक तरह से लेना, साइकिल कैंसल होने का रिस्क पहले से समझना और OHSS के लक्षणों पर नजर रखना, ये चार बातें सबसे जरूरी हैं।

  • दवा समय पर लें: इंजेक्शन या गोलियों की डोज अपने आप कम या ज्यादा न करें।
  • स्कैन न छोड़ें: फॉलिकल्स कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं, यह देखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग जरूरी होती है।
  • OHSS के लक्षण तुरंत बताएं: पेट फूलना या तेज दर्द, उल्टी, सांस फूलना, चक्कर या पेशाब कम होना। माइल्ड IVF में यह रिस्क कम है, पर शून्य नहीं।
  • साइकिल कैंसल होने का रिस्क समझें: कम दवा की वजह से कुछ महिलाओं में फॉलिकल या एग कम मिल सकते हैं।
  • अगली साइकिल की योजना पूछें: अगर एग कम मिले या साइकिल कैंसल हो जाए, तो डॉक्टर से पूछें कि अगली बार दवा या प्रोटोकॉल में क्या बदलाव किया जा सकता है।
  • कुल खर्च पहले समझ लें: एक साइकिल में दवा का खर्च कम हो सकता है, लेकिन अगर एक से ज्यादा साइकिल की जरूरत पड़े तो कुल खर्च अलग हो सकता है।

Mild IVF और Mini IVF में क्या अंतर है?

Mini IVF की कोई एक तय मेडिकल परिभाषा नहीं है, और कई क्लिनिक इस नाम का इस्तेमाल कम डोज वाले IVF के लिए करते हैं। इसलिए नाम से ज्यादा यह देखना जरूरी है कि कितनी दवा दी जा रही है और कितने एग का टारगेट रखा गया है।

 

क्या देखें

Mild IVF

Mini IVF

दवा की डोज

कम डोज

कम डोज

फॉलिकल का टारगेट

कुछ फॉलिकल

कुछ फॉलिकल

एग का टारगेट

कन्वेंशनल IVF से कम

आमतौर पर कम

नाम की स्थिति

रिसर्च में इस्तेमाल होने वाला शब्द

कोई एक तय मेडिकल परिभाषा नहीं

डॉक्टर से क्या पूछें

डोज, कितने दिन दवा और एग का टारगेट

डोज, कितने दिन दवा और एग का टारगेट

याद रखने वाली मुख्य बातें (Key takeaways)

  • माइल्ड आईवीएफ में गोनाडोट्रॉपिन की रोज की डोज 150 IU या उससे कम रखी जाती है, जबकि IVF की बाकी प्रक्रिया लगभग वही रहती है।
  • कम दवा से OHSS का रिस्क घटता है, पर एग कम मिल सकते हैं। जिनकी ओवरी सामान्य संख्या में फॉलिकल बनाती है, उनमें साइकिल कैंसल होने का रिस्क लगभग दोगुना हो जाता है।
  • लाइव बर्थ के मामले में दोनों तरीकों के बीच कोई साफ अंतर नहीं मिला है। इसलिए ज्यादा दवा देने का मतलब हमेशा ज्यादा सफलता नहीं होता।
  • सही प्रोटोकॉल का चुनाव ओवरी के रिस्पॉन्स और आपकी जरूरत के आधार पर किया जाता है, क्योंकि Mild IVF हर महिला के लिए एक जैसा विकल्प नहीं है।

निष्कर्ष (Conclusion)

माइल्ड आईवीएफ में दवा की डोज कम रखी जाती है, लेकिन IVF की बाकी प्रक्रिया लगभग वही रहती है। इससे OHSS का रिस्क कम हो सकता है, हालांकि कुछ महिलाओं में एग कम मिलने या साइकिल कैंसल होने का खतरा बढ़ सकता है।

रिसर्च में Mild IVF और Conventional IVF के बीच लाइव बर्थ में कोई साफ अंतर नहीं मिला है। इसलिए आपके लिए कौन सा प्रोटोकॉल सही है, यह ओवरी के रिस्पॉन्स, पिछले IVF के अनुभव और OHSS के रिस्क जैसी बातों को देखकर तय किया जाता है।

Mild IVF पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

Mild IVF और सामान्य IVF में क्या अंतर है?

Mild IVF में कितनी Fertility Medicines दी जाती हैं?

IVF से पहले कौन सी दवा दी जाती है?

क्या Mild IVF में कम Eggs मिलते हैं?

Mild IVF की सफलता दर कितनी होती है?

क्या कम एएमएच वाली महिलाओं में आईवीएफ सफल होता है?

क्या IVF से गर्भधारण हो सकता है?

आईवीएफ ट्रीटमेंट के क्या नुकसान हैं?

Disclaimer: The information provided here serves as a general guide and does not constitute medical advice. We strongly advise consulting a certified fertility expert for professional assessment and personalized treatment recommendations.
© 2026 Indira IVF Hospital Limited. All Rights Reserved. T&C Apply | Privacy Policy| *Disclaimer