एंडोमेट्रियम थोड़ा मोटा होने का क्या मतलब है (mildly thickened endometrium meaning in Hindi)

Last updated: April 22, 2026

साराँश (Overview)

"mildly thickened endometrium" या "एंडोमेट्रियम हल्का मोटा होना" कोई गंभीर बीमारी, या कैंसर तो नहीं होता।  ज्यादातर केसों में यह बिल्कुल नॉर्मल हो सकता है।

एंडोमेट्रियम (endometrium) यानी गर्भाशय की अंदरूनी परत, इसकी मोटाई पूरे महीने बदलती रहती है। यह आपके हार्मोन साइकिल का हिस्सा है और हर महिला के शरीर में हर महीने होता है।

Mildly thickened endometrium meaning in hindi आर्टिकल में समझते हैं कि एंडोमेट्रियम की मोटाई का क्या मतलब होता है, एंडोमेट्रियम की कितनी मोटाई पूरी तरह नॉर्मल होती है, लेकिन इसके साथ ही कब ध्यान देने की जरूरत है, और इसका आपकी प्रेगनेंसी प्लानिंग और फर्टिलिटी से एंडोमेट्रियम की मोटाई का क्या सीधा संबंध है।

Endometrium क्या होता है और यह मोटा क्यों होता है?

एंडोमेट्रियम आपके गर्भाशय यानी यूट्रस (Uterus) की सबसे अंदरूनी परत है। यह एक नरम टिश्यू की परत है जो हर महीने आपके पीरियड्स के साइकल के साथ बढ़ती और घटती है।

इसे आप ऐसे समझ सकती हैं कि यह परत हर महीने एक "बिछौना" तैयार करती है ताकि अगर भ्रूण यानी एम्ब्रीओ (embryo) आए तो उसे इम्प्लांट होने के लिए आरामदायक जगह मिल सके।

पीरियड्स के ठीक बाद, यानी साइकल के शुरुआती दिनों में, एंडोमेट्रियम बहुत पतला, लगभग 2 से 4 मिलीमीटर, होता है। फिर जैसे जैसे एस्ट्रोजन (estrogen) हार्मोन बढ़ता है, यह परत मोटी होने लगती है। ओव्यूलेशन के समय यह करीब 7 से 8 मिलीमीटर तक पहुंच जाती है।

ओव्यूलेशन के बाद प्रोजेस्टेरॉन (progesterone) हार्मोन की वजह से यह और मोटी हो जाती है और पीरियड्स से ठीक पहले 10 से 14 मिलीमीटर तक हो सकती है।

अगर प्रेगनेंसी नहीं हुई, तो प्रोजेस्टेरॉन ला लेवल गिर जाता है और यह मोटी परत टूटकर बाहर आने लगती है। इसी को पीरियड्स कहते हैं। तो एंडोमेट्रियम का मोटा होना एक नेचुरल प्रक्रिया है जो हर महीने होती है।

Endometrium की नॉर्मल मोटाई कितनी होती है?

एंडोमेट्रियम की नॉर्मल मोटाई इस बात पर निर्भर करती है कि अल्ट्रासाउंड आपके साइकल के किस दिन किया गया है।

  • पीरियड्स के तुरंत बाद अल्ट्रासाउंड हुआ है तो 2 से 5 मिमी का एंडोमेट्रियम नॉर्मल है।
  • साइकल के बीच में, ओव्यूलेशन के आसपास, 7 से 10 मिमी सामान्य है।
  • साइकल के आखिर में, पीरियड्स से पहले, एंडोमेट्रियम की मोटाई 10 से 14 मिमी तक हो सकती है।

"Mildly thickened endometrium" का मतलब है कि एंडोमेट्रियम की मोटाई सामान्य से थोड़ी ज्यादा है। अगर डॉक्टर ने पीरियड्स के ठीक बाद अल्ट्रासाउंड किया है और एंडोमेट्रियम 8 या 9 मिलीमीटर दिख रहा है, तो यह थोड़ा मोटा माना जाएगा क्योंकि उस समय इसे पतला होना चाहिए था।

लेकिन अगर वही मोटाई साइकल के आखिरी हफ्ते में दिखती है, तो यह पूरी तरह नॉर्मल है।

किन कारणों से एंडोमेट्रियम मोटा हो सकता है?

सबसे कॉमन कारण तो हार्मोनल बदलाव ही है, जो हर महीने होता है। लेकिन कुछ और कंडीशन भी हैं जिनमें एंडोमेट्रियम सामान्य से ज्यादा मोटा हो सकता है।

हॉर्मोन में गड़बड़ी

हार्मोन में असंतुलन एक बड़ा कारण है। अगर एस्ट्रोजन बहुत ज्यादा बन रहा है और प्रोजेस्टेरॉन कम है, तो एंडोमेट्रियम बढ़ता रहता है लेकिन ठीक से टूटता नहीं।

PCOS

PCOS वाली महिलाओं में यह अक्सर देखा जाता है क्योंकि उनमें ओव्यूलेशन नियमित नहीं होता और प्रोजेस्टेरॉन का उत्पादन कम रहता है।

इसी कारण पीरियड्स अनियमित होते हैं और जब आते हैं तो बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होती है।

एंडोमेट्रियल पॉलिप (endometrial polyp)

एंडोमेट्रियल पॉलिप भी एक कारण हो सकता है। यूट्रस की लाइनिंग पर छोटी छोटी नरम गांठें बन जाती हैं जिनकी वजह से एंडोमेट्रियम मोटा दिख सकता है।

ज्यादातर पॉलिप बिनाइन (benign) होते हैं यानी कैंसर नहीं होते, लेकिन इनकी वजह से ब्लीडिंग हो सकती है और कभी कभी प्रेगनेंसी में भी दिक्कत हो सकती है।

एंडोमेट्रियल हाइपरप्लेसिया (endometrial hyperplasia)

एंडोमेट्रियल हाइपरप्लेसिया एक ऐसी कंडीशन है जिसमें एंडोमेट्रियम असामान्य रूप से ज्यादा मोटा हो जाता है।

अगर लंबे समय तक ओव्यूलेशन न हो तो एस्ट्रोजन के बढ़ते रहने से ऐसा होता है। इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि कुछ मामलों में यह आगे चलकर गंभीर हो सकता है।

दवाईयाँ

कुछ दवाएं भी एंडोमेट्रियम की मोटाई बढ़ा सकती हैं। टैमोक्सिफेन (tamoxifen) जो ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में दी जाती है, वह एंडोमेट्रियम पर एस्ट्रोजन जैसा असर करती है।

मोटापा

इसके अलावा मोटापा भी एक कारण है क्योंकि फैट सेल्स एस्ट्रोजन बनाती हैं, जिससे एंडोमेट्रियम पर लगातार हार्मोनल प्रभाव बना रहता है।

थाइरॉइड (thyroid)

थाइरॉइड की समस्या और डायबिटीज भी हार्मोन का संतुलन बिगाड़ सकती हैं, जो एंडोमेट्रियम की ग्रोथ को प्रभावित करती है।

क्या mildly thickened endometrium कैंसर हो सकता है?

अगर आपकी उम्र 40 से कम है तो "mildly thickened endometrium" का कैंसर होना बहुत रेयर है। माँ बनने की उम्र की महिलाओं में एंडोमेट्रियम का मोटा होना लगभग हमेशा हार्मोन में गड़बड़ी के कारण ही होता है।

जिन महिलाओं को मेनोपॉज हो चुका है, उनमें एंडोमेट्रियम पतला, आमतौर पर 4 से 5 मिलीमीटर से कम होना चाहिए। अगर मेनोपॉज के बाद एंडोमेट्रियम मोटा दिखे और ब्लीडिंग भी हो, तो डॉक्टर बायोप्सी कर सकते हैं।

लेकिन माँ बनने की उम्र में हल्के मोटे एंडोमेट्रियम की वजह से चिंता नहीं करनी चाहिए। यह समझना जरूरी है कि "mildly thickened" और "significantly thickened" में बड़ा फर्क है। आपकी रिपोर्ट में अगर "mildly" लिखा है तो इसका मतलब है कि मोटाई बहुत लाइट है।

क्या mildly thickened endometrium होने पर माँ बन सकते हैं?

एंडोमेट्रियम की मोटाई प्रेगनेंसी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। एम्ब्रीओ को यूट्रस से जुड़ने के लिए एक स्वस्थ और पर्याप्त मोटी एंडोमेट्रियल लाइनिंग चाहिए। IVF ट्रीटमेंट में डॉक्टर एम्ब्रीओ ट्रांसफर से पहले एंडोमेट्रियम की मोटाई जरूर चेक करते हैं। आमतौर पर 7 से 8 मिलीमीटर या उससे ज्यादा मोटाई को अच्छा माना जाता है।

तो अगर आपकी रिपोर्ट में "mildly thickened" लिखा है और आप प्रेगनेंसी प्लान कर रही हैं, तो यह अच्छी खबर भी हो सकती है। इसका मतलब है कि आपकी लाइनिंग अच्छी तरह तैयार हो रही है।

लेकिन अगर मोटाई बहुत ज्यादा है, जैसे 15 मिलीमीटर से ऊपर, और साथ में पॉलिप या हाइपरप्लेसिया है, तो पहले इसका इलाज करना जरूरी हो सकता है। एंडोमेट्रियम पतली नहीं होनी चाहिए क्योंकि बहुत पतली लाइनिंग पर एम्ब्रीओ ठीक से जुड़ नहीं पाता।

IVF के दौरान अगर एंडोमेट्रियम 6 मिलीमीटर से कम रहे तो कई बार एम्ब्रीओ ट्रांसफर आगे ले लिए टाल दिया जाता है और पहले लाइनिंग सुधारने की कोशिश की जाती है।

Thickened endometrium की जांच और इलाज कैसे होता है

अगर डॉक्टर को लगता है कि एंडोमेट्रियम नॉर्मल से ज्यादा मोटा है और जांच जरूरी है, तो पहले TVS अल्ट्रासाउंड ही किया जाता है।

अगर अल्ट्रासाउंड में कुछ असामान्य, जैसे पॉलिप या गांठ, दिखती है तो हिस्टेरोस्कोपी (hysteroscopy) की जा सकती है। इसमें एक पतला कैमरा गर्भाशय के अंदर डालकर सीधे देखा जाता है। जरूरत पड़ने पर उसी समय पॉलिप भी निकाल दिया जाता है।

कुछ केसों में एंडोमेट्रियल बायोप्सी (endometrial biopsy) की जाती है जिसमें लाइनिंग का एक छोटा सा टुकड़ा लेकर लैब में जांचा जाता है। इस बायोप्सी से पता चलता है कि टिश्यू नॉर्मल हैं या नहीं।

Mildly thickened endometrium का इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि यह मोटाई किस वजह से है।

  • अगर हार्मोन में गड़बड़ी है, तो हार्मोन की दवाएं दी जाती हैं।
  • पॉलिप है, तो हिस्टेरोस्कोपी से उसे निकाल दिया जाता है।
  • PCOS है तो लाइफस्टाइल में बदलाव और दवाओं से उसका मैनेजमेंट किया जाता है।

ज्यादातर मामलों में सही इलाज से यह पूरी तरह ठीक हो जाता है और प्रेगनेंसी की संभावना बनी रहती है। सबसे जरूरी बात यह है कि रिपोर्ट देखकर अपने मन से कोई नतीजा न निकालें, अपने डॉक्टर से बात करें।

निष्कर्ष (Conclusion)

एंडोमेट्रियम थोड़ा मोटा होना अपने आप में कोई बीमारी नहीं है, बल्कि ज्यादातर मामलों में यह आपके हार्मोनल साइकल का ही हिस्सा होता है। असली बात यह है कि अल्ट्रासाउंड किस दिन हुआ है और उस समय यह मोटाई कितनी होनी चाहिए थी।

अगर आपकी रिपोर्ट में “mildly thickened endometrium” लिखा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ज्यादातर मामलों में यह सामान्य होता है या छोटे हार्मोन में बदलाव की वजह से होता है। लेकिन अगर इसके साथ अनियमित ब्लीडिंग, ज्यादा दर्द या अन्य लक्षण हों, तो जांच जरूरी हो जाती है।

इसलिए रिपोर्ट को अकेले न देखें, बल्कि अपनी पूरी कंडीशन के साथ समझें और डॉक्टर से सलाह लेकर ही सही निर्णय लें।

thickened endometrium के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

प्रेगनेंसी के लिए एंडोमेट्रियम की मोटाई कितनी होनी चाहिए?

क्या मोटी एंडोमेट्रियम का मतलब प्रेगनेंसी है?

एंडोमेट्रियम मोटा होने से ब्लीडिंग ज्यादा क्यों होती है?

क्या एंडोमेट्रियल हाइपरप्लेसिया गंभीर बीमारी है?

TVS अल्ट्रासाउंड कब करवाना चाहिए एंडोमेट्रियम चेक करने के लिए?

क्या डाइट और लाइफस्टाइल से एंडोमेट्रियम की मोटाई पर फर्क पड़ता है?

क्या हार्मोनल दवाओं से एंडोमेट्रियम की मोटाई कम की जा सकती है?

Disclaimer: The information provided here serves as a general guide and does not constitute medical advice. We strongly advise consulting a certified fertility expert for professional assessment and personalized treatment recommendations.
© 2026 Indira IVF Hospital Limited. All Rights Reserved. T&C Apply | Privacy Policy| *Disclaimer