Ovulation Kit यूज़ करने की पूरी गाइड (Ovulation Kit kaise use kare in Hindi)

Last updated: April 23, 2026

Overview

कंसीव करने की कोशिश कर रही महिलाओं के लिए अपनी फर्टाइल विंडो जानने के लिए ओव्यूलेशन किट सबसे आसान और विश्वसनीय तरीका है। यह किट यूरिन में LH यानी ल्यूटिनाइज़िंग हार्मोन में हुयी बढ़त को पकड़ती है और ओवुलेशन का सही समय बताती है। लेकिन बहुत सी महिलाएँ किट ख़रीद तो लेती हैं पर सही तरीके से उसे यूज़ नहीं कर पातीं। गलत वक़्त पर टेस्ट करना, रिज़ल्ट ग़लत पढ़ना, या बहुत ज़्यादा पानी पीकर टेस्ट करना ये सब बहुत कॉमन गलतियाँ हैं, जो ज़्यादातर महिलायें करती हैं। 

इस आर्टिकल में हम पढ़ेंगे Ovulation Kit kaise use kare in Hindi, उसका रिज़ल्ट कैसे पढ़ें, टाइमिंग कैलकुलेशन, और PCOS या अनियमित पीरियड में किट कैसे काम करती है।

Ovulation Kit क्या होती है और कैसे काम करती है?

ओव्यूलेशन किट को OPK यानी ओव्यूलेशन प्रेडिक्टर किट (Ovulation Predictor Kit ) भी कहते हैं। यह यूरिन में LH हार्मोन का लेवल चेक करती है। सामान्यतः LH शरीर में कम मात्रा में रहता है। लेकिन ओव्यूलेशन से ठीक 24 से 48 घंटे पहले LH में अचानक तेज़ बढ़ोतरी होती है, इसे LH सर्ज कहते हैं। ओव्यूलेशन किट इसी सर्ज को डिटेक्ट करती है और बताती है कि अगले 1 से 2 दिन में एग रिलीज़ होने वाला है।

यह किट प्रेगनेंसी टेस्ट जैसी दिखती है लेकिन इसका काम अलग है। प्रेगनेंसी टेस्ट किट hCG हॉर्मोन चेक करती है, लेकिन ओव्यूलेशन किट LH हॉर्मोन चेक करती है।

Ovulation Kit से टेस्ट कब शुरू करें

सही वक़्त पर टेस्ट शुरू करना बहुत ज़रूरी है, वरना LH सर्ज मिस हो सकता है। टेस्ट अपनी मेंस्ट्रुअल साइकिल के हिसाब से करना चाहिए।

  • 28 दिन की साइकिल: जिस दिन से आपके पीरियड्स शुरू हुए हैं उसके दसवें दिन यानी Day 10 या 11 से टेस्ट शुरू करें। 28 दिन की साइकिल में ओव्यूलेशन आमतौर पर पीरियड्स के चौदहवें दिन यानी Day 14 के आसपास होता है।
  • 30 दिन की साइकिल: पीरियड्स के बारहवें दिन यानी Day 12 या 13 से शुरू करें। आपका ओव्यूलेशन सामान्यतः सोलहवें यानी Day 16 पर होगा।
  • 26 दिन की साइकिल: साइकिल छोटी हो तो ओवुलेशन जल्दी होता है। आप टेस्ट पीरियड्स के Day 8 या 9 से शुरू करें।

यह एक जनरल फ़ॉर्मूला है कि आप अपनी साइकिल की लंबाई में से 17 घटा दें। जो नंबर आए उस दिन से टेस्ट शुरू करें। जैसे 30 दिन की साइकिल है तो 30 में 17 घटाएं यानी 13, इसका मतलब है कि आप Day 13 से टेस्ट करें।

  • अनियमित पीरियड: अगर आपकी मेंस्ट्रुअल साइकिल हर बार अलग-अलग होती है तो सबसे छोटी साइकिल के दिन लें और उससे 17 घटाएँ। जैसे पिछले 3 महीनों में सबसे छोटी साइकिल 25 दिन थी तो Day 8 से टेस्ट शुरू करें। हो सकता है कि आपको ज़्यादा स्ट्रिप्स इस्तेमाल करनी पड़ें लेकिन आपका LH सर्ज मिस नहीं होगा।

स्टेप-बाय-स्टेप टेस्ट करने का तरीका

  • स्टेप 1: साफ़ और सूखे कप में यूरिन कलेक्ट करें।
  • स्टेप 2: स्ट्रिप को MAX लाइन तक यूरिन में डुबोएँ। ध्यान रखें कि स्ट्रिप MAX लाइन से ऊपर न डुबोएँ। किट पर लिखे इंस्ट्रक्शंस के अनुसार, 5 से 10 सेकंड तक स्ट्रिप को यूरिन में रखें ।
  • स्टेप 3: स्ट्रिप निकालकर समतल सतह पर रख दें और 5 मिनट इंतज़ार करें।
  • स्टेप 4: 5 मिनट के बाद रिज़ल्ट पढ़ें। ज्यादा देर (10 मिनट के बाद) रिज़ल्ट इनवैलिड हो जाता है। देर से पढ़ने पर फ़ेक लाइन आ सकती है।
  • टाइमिंग टिप: सुबह की पहली यूरिन से टेस्ट न करें क्योंकि यह प्रेगनेंसी टेस्ट से अलग है। ओव्यूलेशन किट के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे के बीच का समय सबसे सही है। टेस्ट से 2 घंटे पहले ज़्यादा पानी न पिएँ और यूरिन रोक कर रखें।

यह भी पढ़ें : ओव्यूलेशन टेस्ट क्या है और सही रिज़ल्ट के लिए इसे कब करना चाहिए?

Ovulation Kit पर रिज़ल्ट कैसे पढ़ें

  • पॉज़िटिव यानी LH सर्ज डिटेक्ट हुआ है: अगर टेस्ट लाइन, कंट्रोल लाइन जितनी गहरी या उससे ज़्यादा गहरी है। इसका मतलब है कि LH सर्ज हो चुका है और ओव्यूलेशन अगले 24 से 48 घंटों में होगा।
  • नेगेटिव यानी (LH सर्ज नहीं हुआ है: अगर टेस्ट लाइन, कंट्रोल लाइन से हल्की है। हल्की लाइन का अर्थ पॉज़िटिव नहीं है। बहुत सी महिलाएँ यहाँ कन्फ्यूज़ हो जाती हैं। LH शरीर में हमेशा थोड़ा-बहुत रहता है इसलिए हल्की लाइन आ सकती है। हॉर्मोन सर्ज तभी माना जाता है जब लाइन समान या ज़्यादा गहरी हो।
  • इनवैलिड (Invalid): अगर कंट्रोल लाइन ही नहीं आई तो टेस्ट इनवैलिड माना जाता है। स्ट्रिप एक्सपायर हो सकती है या ठीक से डिप नहीं हुई। इस कंडीशन में नई स्ट्रिप से दोबारा टेस्ट करें।

पॉज़िटिव रिज़ल्ट आए तो आगे क्या करें?

अगर ओव्यूलेशन किट का रिजल्ट पॉज़िटिव आए, तो इसका मतलब है कि ओव्यूलेशन 24 से 48 घंटों में होगा। अगर आप माँ बनने का प्लान कर रही हैं तो इसी दिन और अगले दिन संबंध बनाएँ क्योंकि ये दोनों दिन सबसे ज्यादा फर्टाइल होते हैं। स्पर्म शरीर में 3 से 5 दिन तक ज़िंदा रह सकते हैं, इसलिए पॉज़िटिव रिजल्ट आने से 1 दिन पहले बनाये गये का शारीरिक संबंध की वजह से भी प्रेगनेंसी हो सकती है।

रिजल्ट पॉज़िटिव आने के बाद उस साइकिल के लिए किट यूज़ करना बंद कर सकते हैं । अगर इस साइकिल में कंसीव नहीं हुआ है तो अगली साइकिल में फिर से टेस्ट करें।

Ovulation Kit यूज़ करने की 8 कॉमन गलतियां

  • गलती नंबर 1: सुबह की पहली यूरिन से टेस्ट करना। LH सर्ज दोपहर में बेहतर डिटेक्ट होता है। सुबह की गाढ़ी यूरिन फ़ॉल्स पॉज़िटिव दे सकती है।
  • गलती नंबर 2: टेस्ट से पहले बहुत पानी पीना। ज़्यादा पानी से यूरिन पतली हो जाती है और LH का गाढ़ापन यानी कोसेंट्रेशन कम दिखती है। टेस्ट से 2 घंटे पहले पानी या कोई भी तरल पदार्थ कम पियें।
  • गलती नंबर 3: हल्की लाइन को पॉज़िटिव मानना। यह सबसे कॉमन गलती है। टेस्ट लाइन, कंट्रोल लाइन जितनी या ज़्यादा गहरी होनी चाहिए, सिर्फ़ तभी पॉज़िटिव है।
  • गलती नंबर 4: गलत दिन से टेस्ट शुरू करना। बहुत देर से शुरू करें तो LH सर्ज मिस हो जाएगा। टेस्ट शुरू करने के लिए अपनी मेंस्ट्रुअल साइकिल की लंबाई माइनस 17 का फ़ॉर्मूला अपनाएं ।
  • गलती नंबर 5: 10 मिनट बाद रिज़ल्ट पढ़ना। देर से पढ़ने पर वाष्पीकरण लाइन आ सकती है जो फ़ॉल्स पॉज़िटिव लगती है। रिजल्ट 5 मिनट बाद पढ़ें।
  • गलती नंबर 6: हर दिन अलग वक़्त पर टेस्ट करना। LH सर्ज छोटा होता है, कभी-कभी सिर्फ़ कुछ घंटों का। रोज़ एक ही वक़्त पर टेस्ट करें।
  • गलती नंबर 7: एक्सपायर्ड किट यूज़ करना। पैकेट पर एक्सपायरी डेट ज़रूर चेक करें। एक्सपायर्ड स्ट्रिप्स ग़लत रिज़ल्ट देती हैं।
  • गलती नंबर 8: स्ट्रिप को MAX लाइन से ऊपर डुबोना। इससे टेस्ट खराब हो जाता है। सिर्फ़ MAX लाइन तक डिप करें।

PCOS और अनियमित पीरियड में Ovulation Kit कितना काम करती है

PCOS में ओव्यूलेशन किट पर हमेशा भरोसा नहीं किया जा सकता। PCOS में LH लेवल ज्यादातर बेसलाइन पर ही रहता है, जिससे किट बार-बार फ़ॉल्स पॉज़िटिव दे सकती है।

अनियमित पीरियड में ओव्यूलेशन कब होगा बता पाना मुश्किल होता है। आपको बहुत ज़्यादा स्ट्रिप्स यूज़ करनी पड़ सकती हैं। ऐसे केस में डिजिटल ओव्यूलेशन किट बेहतर विकल्प है जो स्पष्ट हाँ/नहीं परिणाम देती है। या फिर फर्टिलिटी क्लिनिक में फॉलिकुलर मॉनिटरिंग वाला अल्ट्रासाउंड कराएँ। ओवुलेशन के लिए फर्टाइल विंडो जानने का यह सबसे सटीक तरीका है।

Ovulation Kit किट के प्रकार

  • स्ट्रिप किट (Strip Kit): पतली स्ट्रिप जिसे यूरिन कप में डुबाना पड़ता है। यह 10 से 20 रुपये प्रति स्ट्रिप मिलती है। यह सस्ती है लेकिन रिज़ल्ट पढ़ना थोड़ा कठिन होता है क्योंकि लाइन कितनी गहरी है ये ख़ुद तय करना पड़ता है।
  • मिडस्ट्रीम किट (Midstream Kit): यह प्लास्टिक होल्डर में आती है। इसे सीधे यूरिन के फ्लो में पकड़ते हैं। यह 50 से 100 रुपये प्रति टेस्ट पड़ती है। इसे यूज़ करना आसान होता है।
  • डिजिटल किट (Digital Kit): यह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है जो रिजल्ट को स्माइली फेस के रूप में हाँ/नहीं दिखाती है। इसमें कोई लाइन तय करने की ज़रूरत नहीं होती। यह 500 से 2000 रुपये में मिलती है। PCOS या अनियमित पीरियड वालों के लिए यह सबसे अच्छा ऑप्शन है।

Ovulation Kit और IVF/IUI ट्रीटमेंट

IUI ट्रीटमेंट में ओव्यूलेशन किट काफ़ी उपयोगी होती है। डॉक्टर कभी-कभी मरीज़ को घर पर किट से टेस्ट करने को कहते हैं और पॉज़िटिव आने पर IUI प्रोसीजर निर्धारित करते हैं।

IVF में ओव्यूलेशन किट कम इस्तेमाल होता है क्योंकि ओव्यूलेशन को दवाइयों से कंट्रोल किया जाता है और फॉलिकुलर मॉनिटरिंग अल्ट्रासाउंड से होती है। लेकिन नेचुरल साइकिल IVF में डॉक्टर ओव्यूलेशन किट यूज़ करा सकते हैं। ट्रिगर इंजेक्शन यानी hCG इंजेक्शन देने के बाद ओव्यूलेशन किट पॉज़िटिव रिजल्ट दिखा सकती है, यह फ़ॉल्स पॉज़िटिव होता है क्योंकि hCG हॉर्मोन और LH हॉर्मोन में लगभग एक से होते हैं।

निष्कर्ष (Conclusion)

Ovulation kit कंसीव करने की कोशिश में एक आसान और उपयोगी तरीका है, जिससे आप ओव्यूलेशन का सही समय पहचान सकती हैं। इसे सही तरीके से इस्तेमाल कर और रिज़ल्ट को सही तरह समझ कर आप सही समय पर प्रेगनेंसी के लिए प्रयास कर सकती हैं।

अगर पीरियड बहुत अनियमित हैं या PCOS की समस्या है, तो केवल किट पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर की सलाह से फॉलिकुलर मॉनिटरिंग करवाना ज्यादा सही रहता है।

Ovulation Kit के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

क्या Ovulation Kit से प्रेगनेंसी डिटेक्ट हो सकती है?

Ovulation Kit दिन में कितनी बार यूज़ करें?

क्या Ovulation Kit 100 प्रतिशत सटीक होती है?

Ovulation Kit नेगेटिव आ रही है लेकिन पीरियड्स भी रेगुलर हैं, क्या करें?

Ovulation Kit की कॉस्ट कितनी है?

क्या Fertility Medicines लेते हुए Ovulation Kit यूज़ कर सकते हैं?

Disclaimer: The information provided here serves as a general guide and does not constitute medical advice. We strongly advise consulting a certified fertility expert for professional assessment and personalized treatment recommendations.

IVF Centres in Popular Cities

IVF Cost in Popular Cities

IVF Doctors in Popular Cities

.
© 2026 Indira IVF Hospital Limited. All Rights Reserved. T&C Apply | Privacy Policy| *Disclaimer