Endometriosis Stage 4 Meaning In Hindi- लक्षण,डायग्नोसिस और फर्टिलिटी पर असर

Last updated: April 23, 2026

Overview

एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) एक ऐसी कंडीशन है जिसमें गर्भाशय यानी यूट्रस (Uterus) की अंदरूनी लाइनिंग यानी एंडोमेट्रियम (endometrium) जैसा टिश्यू गर्भाशय के बाहर जैसे ओवरी (ovary), फैलोपियन ट्यूब (fallopian tube), आँत (bowel) और पेल्विक एरिया (pelvic area) में बढ़ने लगता है। इसे चार स्टेज (stage) में बाँटा जाता है, जिनमें स्टेज 4 सबसे गंभीर मानी जाती है। स्टेज 4 में डीप इम्प्लांट्स (deep implants), मोटे एड्हीशन्स (adhesions) और ऑर्गन्स का आपस में चिपकना देखा जाता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह कैंसर है या इसमें प्रेगनेंसी संभव नहीं है।

इस आर्टिकल में हम आसान तरीके से समझेंगे कि endometriosis के अलग-अलग स्टेज क्या होते हैं, स्टेज 4 में शरीर के अंदर क्या बदलाव होते हैं, इसका फर्टिलिटी पर क्या असर पड़ता है, और किन स्थितियों में सर्जरी या IVF की जरूरत पड़ सकती है।

Endometriosis क्या है?

नॉर्मल स्थिति में एंडोमेट्रियम (endometrium) यानी गर्भाशय की अंदरूनी लाइनिंग सिर्फ़ यूट्रस के अंदर ही होती है। हर महीने पीरियड के दौरान यह लाइनिंग टूटकर शरीर से बाहर निकल जाती है।

एंडोमेट्रियोसिस में यही टिश्यू गर्भाशय के बाहर जैसे ओवरी, फैलोपियन ट्यूब , या पेल्विक एरिया में बढ़ने लगता है। समस्या यहीं से शुरू होती है। बाहर मौजूद यह टिश्यू भी हर महीने हार्मोन के साथ एंडोमेट्रियम की ही रिएक्ट करते हैं यानी यहाँ सूजन आती है और ब्लीडिंग करते हैं, लेकिन यहाँ से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं होता।

इसी वजह से अंदर सूजन, दर्द, स्कार टिश्यू (scar tissue) और एड्हीशन्स यानी चिपकन बनने लगते हैं, और अंदर के ऑर्गन्स आपस में चिपक सकते हैं।

Endometriosis की कौन कौन सी स्टेज होती हैं?

एंडोमेट्रियोसिस को rASRM यानी रिवाइज़्ड अमेरिकन सोसाइटी फॉर रिप्रोडक्टिव मेडिसिन (revised American Society for Reproductive Medicine) स्कोरिंग सिस्टम से क्लासिफाई किया जाता है।

इसमें देखा जाता है कि गर्भाशय के बाहर जो एंडोमेट्रियम जैसा टिश्यू बढ़ रहा है, वह शरीर के किन हिस्सों में फैला है, कितनी गहराई तक गया है, और उससे ओवरी, फैलोपियन ट्यूब और आसपास के पेल्विक एरिया में क्या बदलाव हुए हैं। इन्हीं बातों के आधार पर Endometriosis की स्टेज तय की जाती है।

  • Stage 1 (Minimal): इसमें छोटे और सतही इम्प्लांट्स होते हैं। ये ज़्यादातर पेल्विक लाइनिंग पर दिखते हैं और गहराई कम होती है। इस स्टेज का स्कोर 1 से 5 के बीच होता है।
  • Stage 2 (Mild): इसमें इम्प्लांट्स की संख्या बढ़ जाती है और कुछ इम्प्लांट्स थोड़े गहरे हो सकते हैं। ये ओवरी पर भी दिखाई दे सकते हैं। इस स्टेज का स्कोर 6 से 15 के बीच होता है।
  • Stage 3 (Moderate): इसमें कई डीप इम्प्लांट्स होते हैं और ओवरी में एंडोमेट्रियोमा यानी चॉकलेट सिस्ट बनने लगते हैं। इसके साथ हल्के एड्हीशन्स बनने लगते हैं, जिससे टिश्यू आपस में चिपकने लगते हैं। इस स्टेज का स्कोर 16 से 40 के बीच होता है।
  • Stage 4 (Severe): सबसे एडवांस स्टेज होती है। इसमें डीप इम्प्लांट्स बहुत ज़्यादा होते हैं, बड़े एंडोमेट्रियोमा बन सकते हैं और मोटे एड्हीशन्स के कारण ओवरी, ट्यूब और आसपास के ऑर्गन्स आपस में चिपक सकते हैं। इस स्टेज का स्कोर 40 से ऊपर होता है।

Endometriosis की Stage 4 में क्या होता है

Stage 4 में एंडोमेट्रियोसिस अपनी सबसे एडवांस कंडीशन में होती है। इस स्टेज पर बदलाव सिर्फ़ एक जगह तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पेल्विक एरिया के कई हिस्सों को प्रभावित करते हैं।

ओवरी पर बड़े एंडोमेट्रियोमा (endometrioma) बन जाते हैं, जिन्हें चॉकलेट सिस्ट भी कहा जाता है। इनका साइज 4 सेमी से ज्यादा भी हो सकता है। फैलोपियन ट्यूब पर एड्हीशन्स बन जाते हैं, जिससे ट्यूब मुड़ सकती है या ब्लॉक हो सकती है। इससे एग और स्पर्म के मिलने में परेशानी हो सकती है।

डीप इम्प्लांट्स सिर्फ़ ओवरी तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आँत, ब्लैडर और यूटेरोसैक्रल लिगामेंट (uterosacral ligament) तक पहुँच सकते हैं।

बहुत ज्यादा एड्हीशन्स यानी चिपकन की वजह से पेल्विक ऑर्गन्स जैसे गर्भाशय, ओवरी, ट्यूब और आँत आपस में चिपक सकते हैं। इस स्थिति को फ्रोजन पेल्विस (frozen pelvis) कहा जाता है।

कुछ मामलों में रेक्टोवैजाइनल एंडोमेट्रियोसिस (rectovaginal endometriosis) भी देखा जाता है, जिसमें ये टिश्यू रेक्टम और वैजाइना के बीच बढ़ने लगते हैं, जिससे उस एरिया में दर्द और दूसरी समस्याएँ हो सकती हैं।

Stage 4 Endometriosis के लक्षण

गंभीर एंडोमेट्रियोसिस में लक्षण काफ़ी तकलीफ़देह हो सकते हैं।

  • पीरियड में बहुत तेज़ दर्द (Dysmenorrhea) होता है जो नॉर्मल पेनकिलर से कंट्रोल नहीं होता।
  • शारीरिक संबंध यानी इंटरकोर्स के समय गहरा दर्द (Deep Dyspareunia) हो सकता है।
  • बाउल मूवमेंट के दौरान दर्द या ब्लीडिंग होती है, पीरियड्स के समय ऐसा ज्यादा होता है।
  • यूरिन पास करते वक़्त जलन या दर्द।
  • क्रोनिक पेल्विक पेन होता है जो पीरियड के अलावा भी बना रहता है।
  • थकान, ब्लोटिंग, और डाइजेशन समस्या रहती है
  • कंसीव करना मुश्किल होता है। इसे एंडोमेट्रियोसिस इनफर्टिलिटी (Endometriosis Infertility) कहते हैं.

Endometriosis की डायग्नोसिस कैसे होती है?

एंडोमेट्रियोसिस की पक्की डायग्नोसिस लैप्रोस्कोपी (laparoscopy) से ही होती है। लेकिन उससे पहले कुछ टेस्ट से अंदाज़ा लगाया जाता है कि बीमारी कहाँ और कितनी है।

  • सोनोग्राफी से ओवरी पर एंडोमेट्रियोमा दिख सकता है, लेकिन छोटे इम्प्लांट्स नहीं दिखते।
  • एमआरआई (MRI) से डीप इम्प्लांट्स और अंदर के चिपकाव का बेहतर पता चलता है।
  • सीए-125 (CA-125) बढ़ सकता है, लेकिन यह सिर्फ़ इसी बीमारी के लिए नहीं होता।
  • एएमएच (AMH) टेस्ट से ओवेरियन रिज़र्व चेक किया जाता है।

एंडोमेट्रियोसिस कन्फर्म करने के लिए लैप्रोस्कोपी की जाती है, जिसमें डॉक्टर सीधे इम्प्लांट्स देखकर स्टेज तय करते हैं।

फर्टिलिटी पर Endometriosis Stage 4 का असर

Stage 4 में एंडोमेट्रियोसिस फर्टिलिटी को कई लेवल पर प्रभावित करती है।

  • एंडोमेट्रियोमा ओवरी के हेल्दी टिश्यू को नुकसान पहुँचा सकता है, जिससे ओवेरियन रिज़र्व कम हो सकता है।
  • एड्हीशन्स की वजह से ट्यूब मुड़ या ब्लॉक हो सकती है, जिससे अंडा और स्पर्म का मिलना मुश्किल हो जाता है।
  • अंदर की सूजन एग की क्वालिटी और एम्ब्रियो के इम्प्लांटेशन दोनों को प्रभावित कर सकती है।

इस वजह से इनफर्टिलिटी का रिस्क बढ़ता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि प्रेगनेंसी संभव नहीं है। सही ट्रीटमेंट और IVF से अच्छे रिज़ल्ट मिल सकते हैं।

Endometriosis का इलाज

एंडोमेट्रियोसिस का ट्रीटमेंट उसके लक्षण, स्टेज और आपके प्रेगनेंसी प्लान पर निर्भर करता है।

  • दवाइयों में हार्मोन थेरेपी दी जाती है। इसमें बाहर से जीएनआरएच एगोनिस्ट (GnRH agonist) और प्रोजेस्टेरोन (progesterone) हॉर्मोन की डोज़ दी जाती है। इससे एंडोमेट्रियोसिस की ग्रोथ धीमी होती है और दर्द कम होता है।
  • दर्द के लिए एनएसएआईडी (NSAIDs) और डाइनोजेस्ट (dienogest) जैसी दवाइयाँ दी जाती हैं।
  • अगर बीमारी ज्यादा बढ़ी हुई हो, तो डॉक्टर सर्जरी की सलाह देते हैं। लैप्रोस्कोपिक एक्सिशन (laparoscopic excision) में इम्प्लांट्स और एड्हीशन्स हटाए जाते हैं। इससे दर्द कम होता है और फर्टिलिटी अच्छी हो सकती है।

लेकिन यह याद रखें कि एंडोमेट्रियोसिस वापस आ सकती है, इसलिए फॉलो-अप जरूरी होता है।

IVF और Endometriosis Stage 4

Stage 4 Endometriosis में IVF कई बार सबसे सीधा और असरदार तरीका बन जाता है, खासकर तब जब ट्यूब ठीक से काम नहीं कर रही हों या अंदर ज्यादा चिपकाव हो।

लेकिन यहाँ भी एक बैलेंस जरूरी होता है। अगर ओवरी पर बड़ा एंडोमेट्रियोमा है, तो पहले सर्जरी की जाए या सीधे IVF शुरू किया जाए, यह हर केस में अलग तय होता है।

कुछ डॉक्टर IVF से पहले कुछ समय के लिए हार्मोन की दवाइयाँ देते हैं ताकि बीमारी की एक्टिविटी कम हो जाए और रिज़ल्ट बेहतर मिलें।

Stage 4 में IVF का सक्सेस रेट थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन फिर भी प्रेगनेंसी के अच्छे चांस रहते हैं। कई बार एक से ज्यादा साइकिल की जरूरत पड़ती है।

अगर अभी प्रेगनेंसी प्लान नहीं है और आपका ओवेरियन रिज़र्व धीरे-धीरे कम हो रहा है, तो आप एग फ्रीजिंग करवा कर भविष्य में अपने माँ बनने के सपने को पूरा कर सकती हैं।

Endometriosis Stage 4 में लाइफ़स्टाइल मैनेजमेंट

दवाइयों और सर्जरी के साथ-साथ लाइफस्टाइल भी एंडोमेट्रियोसिस को मैनेज करने में मदद करता है। खानपान में ऐसे फूड शामिल करना जो शरीर की इन्फ्लमेशन कम करें। अपनी डाइट में फल, सब्जियाँ और ओमेगा-3, शामिल करना फायदेमंद होता है।

हल्की और नियमित एक्सरसाइज से भी दर्द और सूजन दोनों में राहत मिलती है। साथ ही, स्ट्रेस कम रखना जरूरी है क्योंकि मानसिक तनाव लक्षणों को बढ़ा सकता है। कुछ महिलाओं को हीट थेरेपी या पेल्विक फ्लोर फिजियोथेरेपी से भी अच्छा आराम मिलता है।

निष्कर्ष (Conclusion)

Stage 4 Endometriosis एक कॉम्प्लेक्स सिचुएशन है, लेकिन इसे सही तरीके से मैनेज किया जा सकता है।

सबसे जरूरी बात यह है कि शरीर के सिगनलों को नजरअंदाज न किया जाए। समय पर सही जांच और सही इलाज से न सिर्फ़ दर्द को कंट्रोल किया जा सकता है, बल्कि प्रेगनेंसी के रास्ते भी बनाए जा सकते हैं।

अपने गयनेकोलॉजिस्ट या फ़र्टिलिटी स्पेशल्सिट से खुलकर बात करें और अपने Endometriosis stage 4 के ट्रीटमेंट प्लान बनाएँ।

Endometriosis Stage 4 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

क्या Stage 4 Endometriosis में नैचुरल प्रेगनेंसी हो सकती है?

Endometriosis Stage 4 और कैंसर में क्या कनेक्शन है?

Endometrioma (Chocolate Cyst) का ऑपरेशन ज़रूरी है?

Endometriosis सर्जरी के बाद कितने टाइम में कंसीव करना चाहिए?

क्या Endometriosis पूरी तरह ठीक हो सकती है?

Endometriosis Stage 4 में IVF कितने साइकिल में सक्सेसफ़ुल होता है?

Disclaimer: The information provided here serves as a general guide and does not constitute medical advice. We strongly advise consulting a certified fertility expert for professional assessment and personalized treatment recommendations.

IVF Centres in Popular Cities

IVF Cost in Popular Cities

IVF Doctors in Popular Cities

.
© 2026 Indira IVF Hospital Limited. All Rights Reserved. T&C Apply | Privacy Policy| *Disclaimer